बलिया
टॉप टैक्सपेयर विश्वनाथ वर्मा को ‘दानवीर भामाशाह पुरस्कार’ पर व्यापार कल्याण समिति ने किया सम्मानित
रसड़ा के सर्राफा व्यवसायी की उपलब्धि पर नगर में खुशी, ईमानदार कर भुगतान को बताया प्रेरणादायक
व्यापारी कल्याण दिवस पर राज्य कर विभाग ने किया था सम्मानित, समिति ने जताया गौरव
रसड़ा (बलिया)। व्यापार कल्याण समिति, रसड़ा ने समिति के संरक्षक सुरेश चन्द्र के नेतृत्व में आर.जी.एन. परिवार के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी विश्वनाथ वर्मा को सम्मानित किया। उन्हें बलिया जनपद के शीर्ष करदाता (टॉप टैक्सपेयर) के रूप में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर सम्मान प्रदान किया गया।
समिति ने बताया कि 29 जून को व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर विकास भवन, बलिया में आयोजित कार्यक्रम में राज्य कर विभाग द्वारा परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह के हाथों विश्वनाथ वर्मा को ‘दानवीर भामाशाह पुरस्कार’ एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया था। इस उपलब्धि को रसड़ा नगर के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की।
सम्मान समारोह में संरक्षक सुरेश चन्द्र ने कहा कि विश्वनाथ वर्मा ने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ व्यापार करते हुए कर भुगतान में जिले में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। उनका योगदान अन्य व्यापारियों के लिए प्रेरणास्रोत है और कर भुगतान के प्रति सकारात्मक संदेश देता है।
इस अवसर पर व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष मुहम्मद युनूस, कार्यवाहक अध्यक्ष गोपाल जी, महामंत्री आशुतोष सोनी सहित आर.जी.एन. परिवार के सदस्य एवं स्टाफ मौजूद रहे।
