भदोही
साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से पीड़ित को वापस मिले 10 हजार रुपये
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से हुआ था ऑनलाइन फ्रॉड, एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से हुई धनराशि की रिकवरी
भदोही पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए जारी की जरूरी सलाह, 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील
भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सुरियावां की साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार एक पीड़ित के खाते में 10 हजार रुपये वापस कराए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने भदोही पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार यादव, निवासी ग्राम पाली, थाना सुरियावां, एक साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। उन्हें एक अज्ञात लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने के बाद उनका मोबाइल हैंग हो गया और उनके खाते से 10 हजार रुपये का गलत ट्रांजेक्शन हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर शिकायत (NCRP पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर थाना सुरियावां की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रक्रिया पूरी की और पीड़ित के खाते में पूरी 10 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी एवं साइबर हेल्प डेस्क की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद व्यक्त किया।
साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस की सलाह
- साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
- किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
- वर्क फ्रॉम होम, शेयर ट्रेडिंग या निवेश से पहले पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
- अज्ञात व्यक्ति के कहने पर किसी भी खाते में धनराशि ट्रांसफर न करें और किसी संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि बैंक के माध्यम से करें।
- अज्ञात मोबाइल नंबर या ईमेल से प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
साइबर हेल्प डेस्क, थाना सुरियावां की टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी त्रिपाठी, महिला कांस्टेबल गरिमा यादव एवं महिला कांस्टेबल प्रज्ञा शामिल रहीं।
