भदोही
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
एंटी रोमियो टीमों ने स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया विशेष अभियान
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिसकर्मियों ने शिक्षण संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान महिलाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930, एम्बुलेंस सेवा-108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
भदोही पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार संचालित किए जाएंगे।
