बलिया
पूर्व विधायक के हस्तक्षेप के बाद छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज
दो दिन तक थाने के चक्कर लगाने के बाद मिली कार्रवाई, चार आरोपियों के खिलाफ केस
विवाहिता ने घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
बैरिया (बलिया)। क्षेत्र के एक गांव में 26 वर्षीय विवाहिता के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक के हस्तक्षेप के बाद चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोग कई दिनों से उसके साथ अशोभनीय हरकतें कर रहे थे। गुरुवार को आरोपियों ने कथित रूप से उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ की। विरोध करने और शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि मारपीट में एक आरोपी की मां भी शामिल थी।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह लगातार दो दिनों तक बैरिया थाने के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद रविवार को उसने पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी।
पूर्व विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले में अरुण पासवान, आनंद पासवान, लालजी पासवान और रंभा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
