भदोही
छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, 19 जुलाई को राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे में पहुंचने का आह्वान
ज्ञानपुर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में पेपर लीक और युवाओं के भविष्य पर जताई चिंता
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
ज्ञानपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ज्ञानपुर की बैठक रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश्वर दूबे के आवास पर ब्लॉक अध्यक्ष महेश चंद्र मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संगठन को मजबूत बनाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे ‘राजन’ ने 19 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज आगमन पर अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में सरकार विफल रही है और इससे देश के युवाओं एवं छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
वरिष्ठ नेता राजेश्वर दूबे और सुरेश उपाध्याय ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे युवाओं का भविष्य संकट में पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है।
बैठक में अन्य वक्ताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी और छात्र-युवा हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा।
बैठक का संचालन नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जान मोहम्मद ने किया। इस अवसर पर सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, दीपक पांडेय, नितिन सिंह, मनोज मौर्य, हर्ष दूबे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
