गोरखपुर
ओवरलोड से चरमराई पूर्वी फीडर की बिजली, 20 गांवों में हाहाकार
गोरखपुर। जगदीशपुर विद्युत उपकेंद्र के पूर्वी फीडर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। आए दिन तार टूटने, फ्यूज उड़ने, लो वोल्टेज और घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से करीब 20 गांवों के हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही कटौती से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जगदीशपुर उपकेंद्र के पूर्वी, पश्चिमी, कोनी और जायसवाल फीडरों में से पूर्वी फीडर पर सबसे अधिक भार डाल दिया गया है। इसके चलते हाईटेंशन लाइन के तार टूटने, ट्रांसफार्मर खराब होने और फ्यूज उड़ने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले किसी एक स्थान पर फॉल्ट होने पर केवल उसी हिस्से की बिजली बंद की जाती थी, लेकिन अब मामूली खराबी पर पूरे फीडर की आपूर्ति रोक दी जाती है। इससे जिन गांवों में कोई तकनीकी समस्या नहीं होती, वहां भी लोगों को घंटों, कई बार पूरी रात बिजली के बिना गुजारनी पड़ती है।
बिजली संकट का असर घरेलू जीवन के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति और सिंचाई पर भी पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जबकि इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो रहे हैं। दुकानदारों, विशेषकर बेकरी व्यवसायियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से पूर्वी फीडर का लोड कम करने, जर्जर तारों को बदलने तथा फॉल्ट होने पर केवल प्रभावित क्षेत्र की आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था फिर से लागू करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
