Uncategorized
अजय राय को अयोध्या जाने से रोकने के विरोध में कांग्रेस ने किया हनुमान चालीसा पाठ
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जाते समय प्रशासन द्वारा रोके जाने के विरोध में मंगलवार को पिपलानी कटरा स्थित हनुमान मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान अजय राय के सकुशल रामलला दर्शन तथा सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई।अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से उनके पति को दर्शन करने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अजय राय को किसी प्रकार की क्षति होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को रामलला के दर्शन से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।कार्यक्रम में रीना राय, डॉ. राजेश गुप्ता, प्रमोद वर्मा, मनोज यादव, विजय देवल, अनिल पटेल, रमेश शर्मा, अरविंद सेठ, राधेश्याम पांडेय, किशन यादव, बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
