वाराणसी
रामनगर वृद्धाश्रम पहुंचे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, आवासियों के साथ किया भोजन
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, वरिष्ठ नागरिकों से किया आत्मीय संवाद
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने रामनगर स्थित तारा संस्थान द्वारा सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित निःशुल्क वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
सुविधाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान तारा संस्थान के सचिव दीपेश मित्तल ने मंत्री को वृद्धाश्रम का विस्तृत भ्रमण कराया तथा आवास, चिकित्सा, भोजन, मनोरंजन और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर तारा संस्थान, दिल्ली के संरक्षक सत्यभूषण और समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दूबे भी उपस्थित रहे।
“काशी में विश्वस्तरीय वृद्धाश्रम की थी परिकल्पना”
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना थी कि देश का एक उत्कृष्ट एवं आधुनिक वृद्धाश्रम काशी में स्थापित हो। उसी संकल्प के अनुरूप इस अत्याधुनिक और सुव्यवस्थित वृद्धाश्रम का निर्माण रिकॉर्ड समय में किया गया।
उन्होंने कहा कि यह केवल बुजुर्गों के रहने का स्थान नहीं, बल्कि उनके सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और सुखद जीवन का केंद्र है, जहां पूजा-पाठ, सत्संग, मनोरंजन और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
चिकित्सा सुविधाओं पर दिया जोर
समाज कल्याण मंत्री ने बताया कि वृद्धाश्रम में निवास करने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए परिसर के भीतर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें बाहरी चिकित्सा संस्थानों से भी उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इसी तरह के और आधुनिक वृद्धाश्रम विकसित करने की दिशा में कार्य करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि इस वृद्धाश्रम में देश के किसी भी राज्य से आने वाले जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिक निवास कर सकते हैं।
व्यवस्थाओं की सराहना
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों की गरिमापूर्ण सेवा, सुरक्षा और देखभाल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
