बलिया
भूमि विवाद में चले लाठी-भाला, दो महिलाओं समेत छह घायल
बैरिया के शुभनथही गांव में दो पक्षों में मारपीट, दोनों ने दर्ज कराया मुकदमा
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शुभनथही (बैरिया ढाही) गांव में मंगलवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-भाला चल गया। घटना में दोनों पक्षों की दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में कराया जा रहा है।
पहले पक्ष ने लगाया घर पर हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के प्रहलाद यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते राज मंगल यादव, जीतन यादव एवं अन्य लोग लाठी-भाला लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और हमला कर दिया।
इस घटना में प्रहलाद यादव, उनकी पत्नी रीना देवी तथा उनके चाचा रामायण यादव घायल हो गए।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
वहीं दूसरे पक्ष के राज मंगल यादव ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद को लेकर प्रहलाद यादव, सतनारायण यादव एवं अन्य लोग उनके घर पहुंचकर मारपीट करने लगे।
इस दौरान राज मंगल यादव, उनके भाई जीतन यादव तथा परिवार की एक महिला घायल हो गईं।
दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया।
शांति भंग की आशंका में आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपियों को शांति भंग की आशंका के तहत निरुद्ध कर न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
