Connect with us

वाराणसी

ट्रक-कार की टक्कर के बाद घबराया चालक, गोमती नदी में गिरकर मौत

Published

on

Loading...
Loading...

ट्रक और कार की टक्कर के बाद घबराकर डिवाइडर पार करने लगा चालक, संतुलन बिगड़ने से पुल से नीचे गिरा

राजवाड़ी गांव के पास तड़के हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

वाराणसी। क्षेत्र के राजवाड़ी गांव स्थित गोमती नदी पुल पर सोमवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की पुल से नीचे गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ट्रक और कार की हुई थी टक्कर

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रणजीत पाल (52) पुत्र स्वर्गीय प्रसिद्ध नारायण पाल निवासी सरौली, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। वह ट्रक चालक था और रविवार रात गोरखपुर से अहरौरा गिट्टी लादने जा रहा था। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे राजवाड़ी स्थित गोमती नदी पुल पर उसके ट्रक की टक्कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से हो गई।

Advertisement

कैथी चौकी प्रभारी पवन राय ने बताया कि ट्रक और कार दोनों गाजीपुर की ओर से वाराणसी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से ट्रक की टक्कर कार में लग गई। टक्कर के बाद कार कुछ दूरी तक घिसटती चली गई और उसके शीशे टूट गए।

घबराहट में पुल से नीचे गिरा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक रणजीत पाल घबरा गया। वह ट्रक से उतरकर पुल का डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कार सवार बाल-बाल बचे

हादसे के समय स्विफ्ट डिजायर कार में प्रशांत कुमार सिंह, अंजली सिंह, आशा सिंह तथा दो बच्चे सवार थे। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Advertisement

परिवार में मचा कोहराम

मृतक के रिश्तेदार राजकुमार पाल ने बताया कि रणजीत पाल की पत्नी लालती देवी हैं। उनका एक पुत्र था, जिसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि कार सवार सभी लोगों की पहचान कर ली गई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page