Connect with us

वाराणसी

राहुल गांधी और अजय राय के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने थानों में दी तहरीर

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगातार की जा रही अमर्यादित, अनैतिक और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के निर्देश पर महानगर युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, विधि प्रकोष्ठ और कांग्रेस पदाधिकारियों ने वाराणसी के विभिन्न थानों में तहरीर देकर दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में लंका थाना पर तहरीर दी गई। वहीं महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह ने रामनगर थाने पर, महानगर उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कोतवाली थाने पर, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ ने कैन्ट थाने पर तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा यादव और महानगर उपाध्यक्ष वकील अंसारी ने मंडुवाडीह थाने पर तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग उठाई।

महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं को कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष आदरणीय राहुल गांधी जी एवं प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय जी के खिलाफ जिस तरह लगातार अपमानजनक और अशोभनीय गतिविधियां की जा रही हैं, वह बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी ने वाराणसी के विभिन्न थानों में तहरीर देकर प्रशासन से मांग की है कि दोषी भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इस प्रकार की अभद्र राजनीति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष के खिलाफ नफरत और अपमान की राजनीति कर रही है, जिसे देश की जनता समझ चुकी है।

महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं, उसी प्रकार नेता प्रतिपक्ष आदरणीय श्री राहुल गांधी जी भी एक संवैधानिक पद पर हैं। वहीं माननीय श्री अजय राय जी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ लगातार पुतला फूंकना, प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालना और बीएचयू जाकर पर्ची कटवाकर उन्हें रोगी करार देना जैसी हरकतें पूरी तरह अनैतिक, अशोभनीय और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को सम्मानपूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। यह केवल कांग्रेस नेताओं का अपमान नहीं बल्कि संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन दोषी भाजपा जनों पर निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई नहीं करता है तो युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। कांग्रेस पार्टी अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

इस मौके पर विभिन्न थानों पर महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, अनुराधा यादव, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, राजेश गुप्ता, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, आयुष पटेल, संतोष सिंह, आजाद दुबे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page