वाराणसी
अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में मारपीट, महिला सहित दो घायल
वाराणसी। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में शनिवार को यात्रियों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। ट्रेन की एस-5 बोगी में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला घायल हो गई जबकि एक युवक के गर्दन में चोट आई।
घटना के बाद रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी गई, जिसके बाद कैंट स्टेशन पर दोनों पक्षों को उतारकर उपचार कराया गया।जानकारी के अनुसार आजमगढ़ निवासी सरफरोश इस्लाम अपनी बहन रेशमा बेगम के साथ बकरीद की छुट्टियों में अहमदाबाद से घर लौट रहे थे।
उसी कोच में मऊ निवासी इमरान भी यात्रा कर रहा था। सफर के दौरान किसी बात को लेकर सरफरोश और इमरान के बीच विवाद शुरू हुआ, जो प्रयागराज पार करने के बाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।हंगामे के दौरान रेशमा बेगम घायल हो गईं और उनके सिर में चोट आई।
वहीं दूसरे पक्ष के युवक को भी गर्दन में चोट लगी। यात्रियों ने मामले की सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और ट्रेन के वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने पर दोनों पक्षों को नीचे उतारा गया।
घायलों को स्टेशन स्थित इमरजेंसी मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद जीआरपी थाने लाया गया। जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से लिखित समझौता कर लिया, जिसके बाद आगे की कार्रवाई नहीं की गई।
