वाराणसी
बीएचयू प्रशासन की बैठक 27 को, कई अहम प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी
वाराणसी। बीएचयू (Banaras Hindu University) में 27 मई को एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) की अहम बैठक होने जा रही है। वर्ष 2026 की यह पहली ईसी बैठक मानी जा रही है, जिसमें विश्वविद्यालय की नियुक्तियों, पदोन्नति, शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशासनिक मामलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
बैठक को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के बीच खास उत्सुकता देखी जा रही है।सूत्रों के मुताबिक बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित नियुक्तियों और शिक्षकों के प्रमोशन से जुड़े मामलों पर विचार किया जाएगा।
हाल ही में हुए इंटरव्यू के परिणाम भी ईसी के सामने रखे जा सकते हैं, जिन पर अंतिम फैसला लिया जाना संभव है। इसके अलावा कई प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।बैठक में सेमेस्टर शिक्षकों के कार्य प्रदर्शन, नई शिक्षा व्यवस्था के तहत पढ़ाई और मूल्यांकन प्रणाली में हुए बदलावों की समीक्षा भी संभावित है।
प्रमोशन परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों को लेकर उठे विवाद और पाठ्यक्रम संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। हाल के दिनों में शिक्षक संगठनों और छात्र समूहों द्वारा परीक्षा प्रणाली और सिलेबस को लेकर उठाए गए सवालों के बाद इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ईसी बैठक का सबसे अहम मुद्दा नए कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति को माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार इन दोनों पदों के लिए प्राप्त आवेदनों से जुड़े सीलबंद लिफाफे बैठक के दौरान खोले जाएंगे, जिसके बाद आगे की चयन प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन में इन पदों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने के कारण पूरे परिसर की नजर इस प्रक्रिया पर टिकी हुई है।बैठक में एकेडमिक काउंसिल से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी अंतिम मुहर लग सकती है। इनमें नए पाठ्यक्रम, विभागीय बदलाव, शोध गतिविधियों और शैक्षणिक योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव शामिल हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक की तैयारियां पूरी कर संबंधित सदस्यों को एजेंडा भेज दिया है।विश्वविद्यालय परिसर में इस बैठक को आगामी शैक्षणिक सत्र और प्रशासनिक दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक के रूप में देखा जा रहा है। कई लंबित फैसलों पर निर्णय होने की संभावना के चलते 27 मई की ईसी बैठक पर सभी की नजर बनी हुई है।
