Connect with us

वाराणसी

तेज रफ्तार कार ने मां-बेटे को कुचला, मासूम की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे मां-बेटे को कुचल दिया। हादसे के दौरान मां अपने बेटे को बचाने के लिए भागी, लेकिन डिवाइडर होने के कारण दोनों खुद को बचा नहीं सके। कार की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद महिला को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। मौके पर भीड़ जुटती देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। कार के नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश जारी है।

सुल्तानपुर के गोविंदपुर निवासी विपिन शर्मा मंडुवाडीह क्षेत्र की इंक्लेव कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। वह एक होटल में ड्राइवर हैं और देर रात घर लौटते हैं। बीती रात करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी सरिता शर्मा (27) अपने इकलौते बेटे वंश शर्मा (5) के साथ कॉलोनी के मोड़ पर सब्जी लेने गई थीं।

Advertisement

सब्जी खरीदकर दोनों पैदल घर लौट रहे थे। मड़ौली स्थित क्राइस्ट स्कूल के सामने तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने सीधे मां-बेटे को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन डिवाइडर से जा भिड़ा।

हादसे में वंश शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सरिता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता विपिन शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर वह बेसुध हो गए। वहीं सरिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

मड़ौली क्षेत्र में रहने वाले अन्य रिश्तेदार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चे का शव देखकर परिवार के लोग रोते-बिलखते रहे। पिता विपिन शर्मा की तहरीर के आधार पर कार मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बरेका पुलिस चौकी परिसर में खड़ा कराया है।

मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। डॉक्टरों ने वंश को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। कार जितेंद्र कुमार के नाम से पंजीकृत है और चालक की तलाश की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page