Connect with us

वाराणसी

बकरीद पर काशी अभेद्य सुरक्षा घेरे में, ड्रोन और CCTV से होगी पल-पल की निगरानी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण और भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, नमाज स्थलों, बाजारों और प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील इलाकों में नियमित पैदल गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।

ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहकर आमजन से संवाद स्थापित करें, ताकि सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।कमिश्नरेट पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का चिन्हांकन कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नमाज स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों का सुव्यवस्थित प्रबंधन करने को भी कहा गया है।पुलिस प्रशासन ने धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया है। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों और अराजक तत्वों की निगरानी कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

पर्व के दौरान ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से भीड़भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और बाजारों में पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि कहीं भी अवैध पार्किंग, अतिक्रमण या यातायात बाधा उत्पन्न न हो।

नगर निगम और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर साफ-सफाई, जल निकासी और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्बाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।कुर्बानी स्थलों पर शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा डीजे, लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पुलिस पिकेट और क्यूआरटी टीम तैनात करने तथा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड से नियमित चेकिंग कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बकरीद पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तत्काल डायल-112 या स्थानीय पुलिस को देने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page