गोरखपुर
जमीनी विवाद में धारदार हथियार से हमला, बेटे की मौत
माता-पिता का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भेऊसा टोला महुरइया में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार रात सगे भाई शिवचरन ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर भाई सुराली उर्फ रमाकांत, जो हरपुर-बुदहट थाने में चौकीदार है, पर उस समय धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया जब वह अपने पुत्र राम सेवक के साथ कहीं से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि शिवचरन और सुराली उर्फ रमाकांत के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसको लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था, जिसकी शिकायत थाने में भी दर्ज है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे सुराली उर्फ रमाकांत अपने पुत्र रामसेवक (उम्र करीब 30 वर्ष) के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों अपने दरवाजे के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे शिवचरन और उसके दोनों पुत्रों ने धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
शोर सुनकर रमाकांत की पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी धारदार हथियार और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल माता-पिता और पुत्र राम सेवक को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उपचार के दौरान रामसेवक की मौत हो गई। वहीं घायल माता-पिता का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक राम सेवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मृतक के पिता रमाकांत की तहरीर पर भाई शिवचरन, आलोक और रंजीत के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
