वाराणसी
कुत्ते पर एअर गन से फायर, लोगों ने की कार्रवाई की मांग
वाराणसी। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के खजूरी स्थित इंद्रानगर कॉलोनी में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलोनी के एक निवासी ने एअर गन से एक श्वान (कुत्ते) को गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, श्वान ने आरोपी के मकान के सामने गंदगी कर दी थी। इससे नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर एअर गन से उस पर फायर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक गोली लगने के बाद घायल श्वान काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंच गए। गार्ड और स्थानीय निवासियों ने घायल श्वान को बचाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की अमानवीय हरकत किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
सूत्रों के अनुसार, आरोपित व्यक्ति कॉलोनी का ही निवासी है, जिस पर यह गंभीर आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और पशु संरक्षण संगठनों से आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
