गाजीपुर
युवक पर धारदार हथियार से हमला, मुकदमा दर्ज
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवा में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, 3 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे पवन शर्मा नामक युवक शौच के लिए घर से बाहर जा रहा था, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि धीरु यादव, नारायन यादव, गोलू यादव उर्फ गुंज यादव सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में पवन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कान में गहरी चोट आई है, जबकि पैरों और घुटनों पर भी गंभीर प्रहार किए गए। पीड़ित के परिजनों का कहना है कि पूर्व में 30 अप्रैल को एक बारात के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए भेजा गया। मामले में राकेश शर्मा ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दुल्लहपुर थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
