Connect with us

गोरखपुर

पुलिस पिकेट के पास मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी

Published

on

Loading...
Loading...

सीसीटीवी में कैद आरोपी

गोरखपुर। जिले के गोलाबाजार क्षेत्र स्थित गोला उपनगर के चंद चौराहे पर पुलिस पिकेट से कुछ ही दूरी पर रविवार तड़के एक मोबाइल दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर दुकान से लाखों रुपये की नगदी और महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है। हाल ही में मुख्य बाजार में एक स्वर्ण व्यवसायी के यहां छीनैती की घटना के बाद यह दूसरी बड़ी वारदात मानी जा रही है, जबकि दो दिन पहले ही नए थाना प्रभारी ने कार्यभार संभाला है।

जानकारी के अनुसार, गोला-उरूवा मार्ग पर स्थित रानीपुर निवासी महेंद्र पाण्डेय के कटरा में वार्ड नंबर 4 के अनिल कुमार मौर्य पुत्र सीताराम मौर्य की मोबाइल दुकान है। रविवार सुबह करीब सात बजे जब अनिल दुकान खोलने पहुंचे तो कटरा का मुख्य शटर आधा खुला मिला। अंदर जाने पर दुकान का शटर भी खुला था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अनिल कुमार मौर्य द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में सुबह लगभग तीन बजे दो व्यक्ति नंदलाल बिरियानी की दुकान की ओर से अंदर आते दिखाई देते हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देकर बाहर निकलते समय उनके हाथ में तीन थैले नजर आते हैं।

फुटेज के आधार पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने संदिग्धों की पहचान कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पास की गली में दीना कसौधन के मकान में किराए पर रह रहे थे, जहां उनके साथ अन्य लोग भी ठहरे हुए थे। ये सभी एक बैंड-बाजा समूह से जुड़े बताए जा रहे हैं और दूसरे राज्य के निवासी हैं।

घटना से जुड़ा एक अहम सुराग ऑटो चालक शंकर मौर्य ने दिया है। उनके अनुसार, सुबह करीब पांच बजे चौराहे पर सवारी का इंतजार करते समय फुटेज में दिख रहे दो व्यक्तियों में से एक ने उनसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन चलने को कहा। उनके साथ कुल पांच लोग थे, जिनमें तीन लोग महिलाओं जैसे कपड़े पहने हुए थे। सभी के पास भारी अटैची, बैग और गठरी थी और वे जल्द से जल्द स्टेशन पहुंचने की बात कर रहे थे। वहीं मकान मालिक दीना कसौधन ने बताया कि उक्त मकान को मोहल्ले के बेचू बैंड वाले ने करीब 15 दिन पहले किराए पर लिया था और उन्हें किराएदारों के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी।

Advertisement

दुकान संचालक अनिल कुमार मौर्य के अनुसार, चोर करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग 20 एंड्रॉयड मोबाइल सेट चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में उन्होंने थाने में तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page