वाराणसी
मनीष सिंह हत्याकांड : गलतफहमी में पुलिस बनी निशाना, आरोपी मौके से फरार
वाराणसी। मनीष सिंह हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में गई क्राइम ब्रांच (एसओजी) टीम को बीती रात खालिसपुर गांव में ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। सादे कपड़ों में दबिश देने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने गलतफहमी के चलते घेर लिया, उनके साथ मारपीट की और दो सिपाहियों को बंधक बना लिया। इस दौरान एक सिपाही की पिस्टल भी छीन ली गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा में हुए मनीष सिंह हत्याकांड के आरोपियों की लोकेशन खालिसपुर गांव में मिलने पर एसओजी टीम बीती रात लगभग आठ बजे वहां पहुंची थी। टीम के सदस्य सादे वेश में होने के कारण ग्रामीणों को भ्रम हो गया कि मनीष सिंह के परिजन किसी युवक को जबरन उठाने आए हैं।
बताया जाता है कि पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और टीम को चारों ओर से घेर लिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक सिपाही मौके से भागने में सफल रहा, जबकि दो सिपाही ग्रामीणों के कब्जे में आ गए। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई करते हुए उन्हें बंधक बना लिया और एक सिपाही की पिस्टल भी छीन ली।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों सिपाहियों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया। इस बीच मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूरी घटना ग्रामीणों की गलतफहमी का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
