वाराणसी
विवाहिता के जहर खाने की घटना बनी पहेली, ससुर गिरफ्तार
भाभी की तहरीर पर पति-सास-ससुर समेत कई पर केस दर्ज
विकलांगता का उठाया गया फायदा, लंबे समय से शोषण के आरोप
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते 24 अप्रैल की दोपहर संदिग्ध हालात में जहर खाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन बाद में लगे आरोपों ने घटना को गंभीर बना दिया है।
मृतका की भाभी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास-ससुर सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में सबसे गंभीर आरोप ससुर पर लगाया गया है।
भाभी के अनुसार, मृतका शारीरिक रूप से विकलांग थी और उसके ससुर द्वारा लंबे समय से उसके साथ दुष्कर्म किया जा रहा था। इस कारण वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान रहती थी और उसने फोन व संदेश के माध्यम से कई बार अपने मायके पक्ष को इसकी जानकारी भी दी थी।
आरोप यह भी है कि ससुराल के अन्य सदस्य उसे लगातार प्रताड़ित करते थे और संतान न होने को लेकर अपमानित किया जाता था। घटना वाले दिन सुबह भी मृतका ने अपनी भाभी को फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था और किसी अनहोनी की आशंका जताई थी।
कुछ ही घंटों बाद जहर खाने से उसकी मौत की सूचना मिलने पर मामला और संदिग्ध हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए जांच तेज कर दी है।
