गोरखपुर
चार मंजिला मकान में भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में सोमवार सुबह एक चार मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग घर के तीसरे तल पर लगी, जहां धुआं उठता देख परिजन घबरा गए और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर में मौजूद लोग जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए नीचे की ओर भागे, जबकि आसपास के लोग भी शोर सुनकर मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर स्टेशन गोलघर को जानकारी दी। कुछ ही देर में राजघाट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीसरे तल पर लगे विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जो तेजी से फैलते हुए पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में लेती चली गई।

आग की तेज लपटों और घने धुएं से इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी एहतियातन अपने परिवार के साथ बाहर निकल आए, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाने में जुटी रही।
राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से घर के अंदर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रण में बनाए हुए है और क्षेत्र की निगरानी कर रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस की सतर्कता से हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन घटना ने रिहायशी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
