वाराणसी
छात्राओं और महिला खिलाड़ियों ने बनाई मानव श्रृंखला, नारी वंदन अधिनियम को समर्थन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सोमवार को वाराणसी में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। 1000 से अधिक महिला खिलाड़ियों और विकास इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एकजुट होकर नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाई और पूरे शहर को महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए छात्राओं व खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मानव श्रृंखला के बाद सभी प्रतिभागियों ने विकास इंटर कालेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को नारी वंदन अधिनियम के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस कार्यक्रम में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हॉकी की महिला खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी रही। खिलाड़ियों ने एक स्वर में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उनका विश्वास है कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से महिलाओं की स्थिति में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी निभा सकेंगी।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि उनका संस्थान हमेशा से महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि कॉलेज से अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय और 22 राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी देश और शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। यह आयोजन केवल एक समर्थन कार्यक्रम नहीं, बल्कि बदलते भारत की तस्वीर भी पेश करता है, जहां महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज में बराबरी की भागीदारी के लिए आगे आ रही हैं।
