Connect with us

वाराणसी

तापमान पहुंचा 43 डिग्री सेल्सियस, चिलचिलाती धूप के चलते जनजीवन बेहाल

Published

on

Loading...
Loading...

स्कूल जा रहे छोटे बच्चों की बढ़ी दुश्वारियां, पेय पदार्थों की बढ़ी बिक्री

वाराणसी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वांचल में लगातार चार दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सोमवार दोपहर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार सुबह हल्की ठंडक के साथ शुरुआत हुई, लेकिन सुबह नौ बजे के बाद सूर्य की तीव्रता तेजी से बढ़ी। दिन चढ़ने के साथ लू के थपेड़े महसूस होने लगे और गर्मी का प्रकोप स्पष्ट नजर आया। दोपहर की छुट्टी के समय तेज धूप ने बच्चों को काफी परेशान कर दिया। स्कूल से निकलने के बाद बस में बैठते ही बच्चों ने बोतलों से पानी पीकर राहत पाने की कोशिश की। वहीं कई अभिभावक छाता लेकर अपने बच्चों को लेने पहुंचे, ताकि उन्हें धूप से बचाया जा सके।

इसी बीच, भीषण गर्मी के चलते दोपहर में चाय की दुकानों पर सन्नाटा नजर आया, जबकि लस्सी और गन्ने के रस की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग कोल्ड ड्रिंक की बजाय लस्सी, गन्ने का रस और छाछ जैसे पारंपरिक पेयों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बादलों की सक्रियता न होने के कारण दिन में तेज धूप का असर साफ दिख रहा है। माना जा रहा है कि अब गर्मी का यह दौर लगातार बना रहेगा और जून के तीसरे सप्ताह से पहले राहत की संभावना कम है। प्री-मानसूनी बारिश ही लोगों को कुछ राहत दे सकती है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, वहीं सामान्य दिनों में भीड़भाड़ रहने वाले घाटों पर भी लोगों की आवाजाही कम दिखी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page