शिक्षा
अनाथ बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बना एसपीएम पब्लिक स्कूल
अब पैसों की तंगी नहीं रोकेगी रास्ता, बेसहारा बच्चों का ‘सहारा’ बना एसपीएम पब्लिक स्कूल
संतकबीर नगर। जिले के धनघटा क्षेत्र के कटार मिश्र स्थित एसपीएम पब्लिक स्कूल वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अनाथ बच्चों के लिए कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक नि:शुल्क शिक्षा देने का संकल्प लिया है, जिसकी क्षेत्र में चहुंओर सराहना हो रही है।
विद्यालय की आधुनिक व्यवस्थाओं और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा करते हुए प्रबंधक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि शिक्षा पर हर बच्चे का समान अधिकार है। कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा की मुख्यधारा से पीछे न छूटे, इसके लिए विद्यालय प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य के साथ संस्थान ने असहाय और अनाथ बच्चों को इंटर तक मुफ्त शिक्षा देने का निर्णय लिया है।
स्मार्ट क्लास और तकनीकी सुविधाओं पर जोर
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को वैश्विक स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय में आधुनिक संसाधनों का समावेश किया गया है। वर्तमान में यहाँ स्मार्ट क्लासेज, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब और हवादार कमरों की व्यवस्था है। साथ ही खेलकूद के लिए विस्तृत मैदान और शारीरिक विकास की गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं।
कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं
अनुभवी शिक्षकों की टीम के माध्यम से पढ़ाई में पिछड़ रहे बच्चों के लिए विद्यालय द्वारा विशेष ‘एक्स्ट्रा क्लासेज’ (Extra Classes) चलाई जा रही हैं। इससे बच्चों के बुनियादी ज्ञान को मजबूत किया जा रहा है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल साक्षरता नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।
