गाजीपुर
गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों का साई में चयन, गांव में हुआ भव्य सम्मान
गाजीपुर। जनपद के लिए गर्व का विषय है कि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के दो प्रतिभाशाली बॉक्सिंग खिलाड़ियों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के खेल छात्रावासों के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल एकेडमी बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर है।
एकेडमी के खिलाड़ी अंकित राजभर का चयन उत्तराखंड स्थित एसटीसी काशीपुर के लिए हुआ है। अंकित सादात ब्लॉक के बुढ़नपुर गांव निवासी अमरदेव राजभर एवं गीता देवी के पुत्र हैं। वह पिछले चार वर्षों से एकेडमी के छात्रावास में रहकर नियमित रूप से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि चयनित खिलाड़ी बेहद मेहनती, अनुशासित और प्रतिभावान हैं। उन्होंने जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए साई के अधिकारियों ने उनका चयन किया, जो एकेडमी के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
इस सफलता का श्रेय एकेडमी के बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव को देते हुए उनके समर्पण और प्रशिक्षण पद्धति की सराहना की गई।
चयन के बाद एकेडमी के संरक्षक डॉ. पी.एन. सिंह द्वारा खिलाड़ियों को जॉइनिंग लेटर प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद एकेडमी के डायरेक्टर टीम के साथ बुढ़नपुर गांव पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान सतीश तिवारी और सहयोगी अरविंद राजभर ने खिलाड़ियों एवं एकेडमी टीम का माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया।

प्रधान सतीश तिवारी ने कहा कि अंकित की इस उपलब्धि से गांव, समाज और परिवार का मान बढ़ा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गांव में जो भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी होंगे, उन्हें ग्राम सभा की ओर से हर संभव सहयोग और सम्मान दिया जाएगा।
वहीं एकेडमी के डायरेक्टर अमित कुमार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि वे लगातार विभिन्न राज्यों में जाकर खेल व्यवस्था का अनुभव लेते हैं और बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गांव में मिले सम्मान को उन्होंने अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
अंकित के माता-पिता अमरदेव राजभर और गीता देवी ने कहा कि वे अपने बेटे की शिक्षा और खेल के लिए हर कठिनाई सहने को तैयार हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे भी अपने बच्चों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर गांव के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर प्रधान के निकटवर्ती अरविंद राजभर खिलाड़ी के रिश्तेदार नाना मामा और गांव की गणमन लोग भी उपस्थित रहे इस दृश्य को देखकर गांव के लोगों ने अकादमी के डायरेक्टर और चयनित हुए अपने बच्चों के साथ दूसरे बच्चों का भी ताली बजाकर स्वागत किया और लगभग 100 लोगों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम किया गया
