वाराणसी
पेंशनर्स कल्याण संस्था की मासिक बैठक सम्पन्न, लंबित मांगों पर जताई नाराजगी
पेंशनर्स का ऐलान – सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो चुनाव में दिखेगा असर
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था की वाराणसी शाखा की मासिक बैठक रविवार को प्रातः 10.30 बजे डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, पीडब्ल्यूडी, वाराणसी में जिलाध्यक्ष इं० एस० डी० मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय ने किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय संरक्षक इं० शमसुल आरेफिन तथा जनपदीय संरक्षक इं० आर०पी० मिश्र की उपस्थिति रही। सभाध्यक्ष की अनुमति से जिलामंत्री ने निर्धारित एजेण्डे के अनुसार कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए सर्वप्रथम नए सदस्यों का परिचय कराया। इसके साथ ही अप्रैल माह में जन्मे पेंशनर्स का जन्मदिन मिष्ठान वितरित कर उत्साहपूर्वक मनाया गया। तत्पश्चात पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से करतल ध्वनि के साथ अनुमोदित किया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वैलिडेशन एक्ट 2025 के विरोध में 25 मार्च 2025 को पूरे प्रदेश में जेपीडब्ल्यूसी के बैनर तले पेंशनर्स द्वारा काला दिवस मनाया गया था और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली को ज्ञापन प्रेषित किया गया था। इससे पूर्व भी विभिन्न तिथियों पर दो ज्ञापन भेजे जा चुके हैं, किन्तु अब तक केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इसके अतिरिक्त 11 सूत्रीय मांगपत्र लंबे समय से लंबित है, जिससे पेंशनर्स में आक्रोश व्याप्त है।
पेंशनर्स ने निर्णय लिया कि यदि केंद्र सरकार द्वारा वैलिडेशन एक्ट 2025 वापस नहीं लिया गया और उनकी लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया, तो आगामी चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करते समय वे केंद्र और राज्य सरकार के इस मनमाने रवैये को ध्यान में रखेंगे।
बैठक को डी०एल० श्रीवास्तव, हीरालाल, डॉ० परमहंस मिश्र, हीरालाल प्रसाद, डॉ० सुधाकर मिश्र, एस०एन० मणि, अमरदेव, प्रभाकर दुबे, शिव प्रकाश, वी०एन० त्रिपाठी, दयाशंकर सिंह यादव, लल्लन सिंह, नागेन्द्र सिंह, यू०पी० सिंह, राकेश मोहन पाण्डेय, रामजग, रामचन्द्र गुप्ता तथा श्रीमती शैलकुमारी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
