गाजीपुर
एम.एस.डी. चार्ली पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन
ग्रामीण शिक्षा को सुदृढ़ बनाने का संकल्प
जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र के अतिगांवा गांव में रविवार को एम.एस.डी. चार्ली पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार सिंह की माता उषा सिंह उर्फ लली सिंह एवं क्षेत्र के सम्मानितजनों द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विद्यालय ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। मंच से डॉ. मनोज सिंह ने 10 सदस्यीय कमेटी की घोषणा की, जिसमें अजय सिंह, सतीश जायसवाल, अश्वनी सिंह, जयप्रकाश यादव, विजय बहादुर सहित अन्य लोगों को शामिल किया गया। घोषणा होते ही उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया और तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया गया।

डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “गांव की माटी अपनी ओर खींचती है। कई शिक्षण संस्थान संचालित करने के बावजूद उन्हें अपने गांव के प्रति लगाव हमेशा बना रहा। इसी भावना के तहत उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। उनका मुख्य उद्देश्य कम शुल्क में गरीब एवं ग्रामीण बच्चों को सीबीएसई स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े।”
उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षित शिक्षक एवं अनुशासित वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, यदि 35 किलोमीटर के दायरे में कोई भी छात्र प्रवेश लेता है, तो उसके लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी से उच्च कक्षाओं तक प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। यह विद्यालय अंग्रेजी माध्यम, सह-शिक्षा प्रणाली एवं सीबीएसई बोर्ड (प्रस्तावित) के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन अटल सिंह (संस्थापक, माता तेतरा देवी सच्चिदानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, अलीपुर मदरा) द्वारा किया गया। इस दौरान विपिन सिंह प्रबंधक, आलोक यादव, जखनियां ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र प्रताप सिंह उर्फ मसाला सिंह, अजीत सिंह, मिथिलेश सिंह, जेपी यादव, राजू सिंह, अमित सिंह, वायुनंदन पांडे, टिंकू सिंह, राजेश राजभर, मंटू सिंह, अश्वनी सिंह, कैलाश वर्मा, शिवानंद सिंह, विनोद सिंह, अंकुर सिंह, धनंजय पांडे, विजय बहादुर सिंह, रामाधार गुप्ता (गुड्डू गुप्ता), अवधेश सिंह, रमेश चौबे, मुराहु सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं पत्रकारों को मंच पर बुलाकर अंगवस्त्र एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया।
