वाराणसी
देह व्यापार का भंडाफोड़, दंपती गिरफ्तार, दो नाबालिग मुक्त
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सोना तालाब इलाके में पुलिस ने एक मकान में संचालित देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को बरामद कर उन्हें संरक्षण में लिया गया, जबकि गिरोह की संचालिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की गई। सत्यापन के बाद मिली सटीक सूचना पर टीम ने छापा मारा, जहां से दोनों नाबालिगों को मुक्त कराया गया। उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले में मनोज और शहीदुन्निसा को गिरफ्तार किया गया है, जो सारंग तालाब, नक्खीघाट क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहीदुन्निसा इस अवैध गतिविधि का संचालन कर रही थी और मनोज उसका सहयोग कर रहा था, जो उसका दूसरा पति बताया जा रहा है।
जांच में यह भी पता चला है कि बीते करीब एक महीने से मकान में यह धंधा चल रहा था। आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजी जाती थीं, जिसके बाद सौदा तय कर उन्हें बुलाया जाता था। भुगतान के लिए क्यूआर कोड का उपयोग किया जाता था और एक ग्राहक से तीन से पांच हजार रुपये तक लिए जाते थे।
छापेमारी के दौरान मौके से कैश बॉक्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
