वाराणसी
केन्द्रीय कारागार में दिव्यांग बंदियों को वितरित किए गए सहायक उपकरण
वाराणसी। केन्द्रीय कारागार वाराणसी में निरुद्ध दिव्यांग बंदियों के लिए एक सराहनीय पहल के तहत विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इस दौरान डॉ. अमित कुमार सिंह (उप मुख्य चिकित्साधिकारी), रामप्रकाश सिंह (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी), बृजेश कुमार मिश्र (कमांडेंट होमगार्ड) एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग बंदियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 10 ट्राइसाइकिल, 2 सेंसर युक्त छड़ी, 2 श्रवण यंत्र (कान की मशीन), 4 बैसाखी और 1 व्हीलचेयर वितरित की गई। उपयोगी सामग्री प्राप्त कर बंदियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर मनोवैज्ञानिक काउंसलर रविन्द्र यादव द्वारा सभी दिव्यांग बंदियों की व्यक्तिगत काउंसलिंग भी की गई। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी स्तर से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कराई गईं।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने कार्यक्रम में पधारे सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने दिव्यांग बंदियों को उपकरण उपलब्ध कराने और प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सकीय परामर्शदाता लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, प्रभारी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह बाल्दिया, राजा बाबू, अयोध्या प्रसाद, फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
