Connect with us

वाराणसी

देवर ने भाभी को उतारा मौत के घाट

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार पूर्वाह्न लगभग दस बजे पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब देवर अमरजीत पटेल ने अपनी भाभी पूनम पटेल (30) की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया।

बताया गया कि गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल भोजन बनाने के बाद घर के बाहर बैठी थीं, तभी अमरजीत कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और उन पर सीधा हमला कर दिया। घटना के बाद अमरजीत ने आसपास के लोगों को बुलाया और स्वयं ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने आरोपी को शव के पास कुल्हाड़ी के साथ बैठा पाया, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के समय मृतका का पति सुजीत वाराणसी कैंट पर रेलवे में इलेक्ट्रॉनिक का कार्य कर रहा था। सास मुनका देवी और ससुर तेज बहादुर खेत में मौजूद थे, जबकि चार वर्षीय पुत्र हर्ष स्कूल गया हुआ था। सूचना मिलते ही सुजीत और उसका पुत्र घर लौट आए।

ग्रामीणों के अनुसार अमरजीत अपनी भाभी की बहन से विवाह करने की जिद कर रहा था, लेकिन भाभी और उनके परिवार ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था। इसी बात को लेकर पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका था। करीब एक माह पहले पूनम की शिकायत पर मिर्जामुराद पुलिस ने अमरजीत का शांति भंग में चालान भी किया था।

घटना के बाद घर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे गांव में भय और चिंता का वातावरण व्याप्त है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page