गाजीपुर
राष्ट्र निर्माण में एनएसएस का अहम योगदान, रंगारंग कार्यक्रमों के साथ विशेष शिविर का समापन
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के साप्ताहिक विशेष शिविर का मंगलवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने छात्रों को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

विशिष्ट अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.के. त्रिवेदी ने भी अपने संबोधन में युवाओं से छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों से ऊपर उठकर समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने एनएसएस इकाई के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने शिविरार्थियों द्वारा नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और अशिक्षा उन्मूलन के लिए निकाली गई जागरूकता रैली की प्रशंसा की।

कार्यक्रम की शुरुआत गरिमा भारती एवं पूनम कुमारी द्वारा मां सरस्वती वंदना से हुई। डॉ. राकेश कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि डॉ. अभिषेक तिवारी ने अतिथियों का परिचय कराया। शिविर की आख्या अनिमेष पांडेय ने प्रस्तुत की।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समापन समारोह को आकर्षक बना दिया। शांति कुमारी, रिमझिम मुस्कान, कुमकुम, अक्षया, पायल और रोली ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं विजय पांडेय के गीतों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में पूनम कुमारी प्रथम, मुस्कान द्वितीय और पायल तृतीय स्थान पर रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में कुमकुम यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि रानू शर्मा और खुशी यादव क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पायल, नरगिस, खुशी और चंदन की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। अनुशासन व्यवस्था में अमन सिंह, जाह्नवी, अंजलि और आकाश के योगदान को सराहा गया, वहीं स्वच्छता कार्यों में आदिल खान, महिमा और अंजलि के प्रयासों को भी सम्मानित किया गया।

अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राकेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. अरुण कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. विजय श्याम पांडेय, संतोष पांडेय, अनिल गुप्ता, संजीत कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
