गाजीपुर
गैस किल्लत पर किसान नेता भानू प्रताप ने उठाई आवाज, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सेवराई (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र में रसोई गैस की कमी को लेकर उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न स्थानों पर गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जबकि सेवराई तहसील में होम डिलीवरी व्यवस्था भी प्रभावित बताई जा रही है। इस स्थिति को लेकर किसान नेता भानू प्रताप सिंह ने एसडीएम सेवराई संजय कुमार यादव को पत्रक सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम संजय कुमार यादव ने तत्काल संबंधित इंस्पेक्टर से फोन पर वार्ता कर गैस गोदामों पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि होम डिलीवरी बाधित होने के कारणों की जांच कर उन्हें सूचित किया जाए, अन्यथा संबंधित गैस गोदाम संचालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीएम ने यह स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन यदि इस प्रकार की शिकायतें मिलती हैं तो रेवतीपुर, बसूका, बारा और दिलदारनगर क्षेत्र के गैस संचालकों एवं गोदामों की जांच के लिए संबंधित इंस्पेक्टर को निर्देशित कर दिया गया है।
