गाजीपुर
करण्डा क्षेत्र में गैस संकट गहराया, आम जनता परेशान — ‘पहचान वालों’ को मिल रहा सिलेंडर!
नंदगंज (गाजीपुर)। जिले के करण्डा क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। बुकिंग प्रक्रिया भी अब राहत के बजाय मुसीबत बन चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि आम लोगों के लिए गैस सिलेंडर हासिल करना “बालू से तेल निकालने” जैसा कठिन हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऑनलाइन और फोन के माध्यम से बुकिंग कराने के बावजूद हफ्तों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही। वहीं कुछ लोगों को ‘पहचान’ के आधार पर आसानी से गैस सिलेंडर मिल जा रहा है।जिससे व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र स्थित गैस एजेंसी पर पारदर्शिता की भारी कमी है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लेकिन हर बार “सप्लाई नहीं आई” कहकर लौटा दिया जाता है। दूसरी ओर एजेंसी के आसपास ‘चहेते’ लोगों को बिना लंबी प्रतीक्षा के सिलेंडर मिलते देख आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। रसोई गैस की कमी के कारण उन्हें फिर से लकड़ी और कोयले का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे समय और स्वास्थ्य दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि गैस वितरण प्रणाली की जांच कर दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि हर उपभोक्ता को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो।
