गोरखपुर
बाइक से घर लौट रहे युवक पर हमला, केस दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम चंदौली (नेवादा) में एक युवक पर बाजार से घर लौटते समय रास्ते में रोककर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लाठी, डंडे और सरिया से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में युवक के सिर पर गहरी चोट आई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चंदौली (नेवादा) निवासी शिवम मिश्रा पुत्र राम प्रताप मिश्रा ने बताया कि वह परसिया चौराहे से घरेलू सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लमतिया मोड़ के पास उनके ही गांव के शिवम शर्मा पुत्र विनोद शर्मा और विजय कुमार पुत्र राजू कुमार ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शिवम के हाथ में डंडा और राजू के पास सरिया था, जबकि उनके साथ दो अन्य अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर डंडे, सरिया और लात-घूंसों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान शिवम मिश्रा के सिर में गंभीर चोट लगने से वह चक्कर खाकर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में एसएचओ गोला के निर्देश पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 126(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
