गाजीपुर
नंदगंज में त्यौहार से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था का दिया भरोसा
संवेदनशील स्थानों पर बढ़ी चौकसी, व्यापारियों से संवाद कर शांति की अपील
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। आगामी त्यौहार के मद्देनज़र शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु नंदगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखाई दी। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा अपने पुलिस बल के साथ कस्बा नंदगंज में रविवार को फ्लैग मार्च करते हुए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगामी त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस के निर्देशन में नंदगंज थाना क्षेत्र में व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष नंदगंज ने पुलिस फोर्स के साथ मुख्य बाजार, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शांति एवं भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। साथ ही, असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष श्री मिश्रा ने बताया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में निरंतर गश्त, चेकिंग अभियान तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस की इस पहल से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की है।
