गाजीपुर
बरेसर ग्राम सभा में सफाई व्यवस्था फेल, नालियों में गंदगी; बीमारियों का खतरा
जमानिया (गाज़ीपुर) जयदेश। तहसील क्षेत्र के बरेसर ग्राम सभा अंतर्गत लमुई गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियुक्त सफाई कर्मी गांव में दिखाई तक नहीं देते, जिसके चलते नालियां बजबजा रही है संक्रामक रोग का खतरा बना हुआ है गांव में कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

लमुई गांव निवासी अनिल यादव, रामजीत यादव और अशोक यादव ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है। सफाई न होने से नालियों में घास फूस तक निकल आए हैं। नालियां बजबजा रही है योगेंद्र यादव के घर से लेकर अनिल यादव के घर तक जाने वाला रास्ता बेहद बदहाल स्थिति में है। रास्ते में कीचड़ और बदबू फैली रहती है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बगल में ही राम जानकी मठ है और मठ के आसपास भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है लोगों का कहना है कि ग्राम सभा में तीन सफाई कर्मी नियुक्त हैं, इसके बावजूद सफाई का कोई नामोनिशान नहीं दिखता।

वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय पासवान का कहना है कि ग्राम सभा में तीन सफाई कर्मी—विनोद, नंदलाल और बिरजू—नियुक्त हैं और वे प्रतिदिन कार्य पर आते हैं। अब सवाल यह उठता है कि यदि सफाई कर्मी रोज आते हैं तो गांव की सफाई आखिर कहां हो रही है? ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों में नालियों में भरी गंदगी और कीचड़ साफ नजर आ रहा है, जो जमीनी हकीकत बयां करता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि गांव को गंदगी, बदबू और संभावित बीमारियों से निजात मिल सके।
