गाजीपुर
ग्राम सभा बिजहरी में भव्य शिव चर्चा एवं महाप्रसाद का हुआ आयोजन
सादात (गाजीपुर) जयदेश। ब्लॉक सादात अंतर्गत ग्राम सभा बिजहरी में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य शिव चर्चा एवं महाप्रसाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन रामजी सिंह (पूर्व उद्योग अधिकारी, कानपुर) एवं उनकी धर्मपत्नी मनोरमा सिंह के आवासीय परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शिव भक्ति की मधुर धारा बहती रही। श्री सिंह दंपत्ति ने स्वयं बदान (वाद्य) बजाकर तथा भक्ति गीतों की प्रस्तुति कर वातावरण को शिवमय बना दिया। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा प्रस्तुत होली के गीतों ने कार्यक्रम में अलग ही रंग भर दिया। पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
शिव चर्चा के दौरान भगवान शिव की महिमा, उनके आदर्शों एवं भक्ति मार्ग पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं प्रवचनों में भाव-विभोर होकर भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

इस अवसर पर रामजी सिंह ने बताया कि हाल ही में गंगासागर, दक्षिणेश्वर काली मंदिर तथा नदिया (जहां चैतन्य महाप्रभु की जन्मस्थली है) के दर्शन के दौरान उन्होंने संकल्प लिया था कि अपने पैतृक गांव बिजहरी में शिव चर्चा का आयोजन करेंगे। उसी संकल्प की पूर्ति के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उन्हें ऐसा अनुभव हो रहा है मानो समस्त तीर्थों का पुण्य अपने परिवार और ग्रामवासियों के साथ साझा कर लिया हो।
कार्यक्रम के समापन पर विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। ग्रामवासियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर राजेश सिंह परसनी, शैलेश सिंह बागी, पप्पू सिंह, सरोज सिंह, उमाशंकर दुबे, रमेश सिंह, दूधनाथ प्रजापति सहित सैकड़ों महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ग्राम सभा बिजहरी में आयोजित यह शिव चर्चा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
