वाराणसी
एक मार्च को काशी आएंगे मुख्यमंत्री, अवैध कब्जे से मुक्त भूमि पर होगा मेगा पौधारोपण
वाराणसी। जनपद के गंगा पार डोमरी क्षेत्र में एक मार्च को एक ही स्थान पर तीन लाख पौधे लगाए जाएंगे। यह अभियान अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। इसका शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके लिए डोमरी स्थित सरकारी भूमि का चयन किया गया है।
बताया गया कि उक्त भूमि पर पूर्व में सैकड़ों एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से लोगों ने अपने नाम दर्ज करा लिए थे और कई हिस्सों पर कब्जा भी कर लिया गया था। मामला सामने आने के बाद पहले दस्तावेजों में दर्ज नामों को हटाया गया, इसके बाद भूमि को खाली कराया गया।
अब नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण कराया जाएगा। अभियान के तहत 50 हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी एलएंडटी ने ली है। इसके साथ ही वहां पार्किंग, फूड कोर्ट, बच्चों के खेलने के स्थान सहित अन्य सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम की ओर से बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
