वाराणसी
बरेका कार्यशाला का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, नवाचार पर बल
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने मंगलवार को कार्यशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंजन निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और उत्पादन प्रक्रिया में नवाचार पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने विभिन्न सेक्शनों का जायजा लिया और मूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लिया।

लोको फ्रेम शॉप एवं असेंबली शॉप में उन्होंने निर्माण की प्रारंभिक अवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद लोको टेस्ट शॉप में इंजनों की परीक्षण प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों की जांच की, जबकि ट्रक मशीन शॉप में तकनीकी बारीकियों और मशीनरी की कार्यक्षमता का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे की गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने विभागाध्यक्षों को सुधारात्मक कदम उठाने, उत्पादन की गति बनाए रखने और उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आशुतोष पंत ने गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे बरेका की उत्पादन क्षमता में वृद्धि संभव है। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यों में निरंतर नवाचार लाने और गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए सतत प्रयास करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कर्मचारियों से संवाद भी किया, उनके सुझावों को सुना और कहा कि कर्मचारियों की भागीदारी और उनके विचारों का सम्मान कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने में सहायक होता है।
