गाजीपुर
भांवरकोल में पशु चोरों का आतंक, आधी रात तीन भैंसें खोल ले गए चोर
ग्रामीणों की सतर्कता से बचीं भैंसें, पिकअप सवार संदिग्ध फरार; लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में दहशत
भांवरकोल, गाजीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनाड़ी गांव में शुक्रवार की आधी रात पशु चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। रात करीब एक से दो बजे के बीच मुलायम राम, सुदर्शन राजभर और श्रीगणेश बिंद की तीन भैंसें खूंटे से गायब मिलीं। पशुओं के गायब होने की जानकारी मिलते ही मालिकों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जाग गए और रात में ही भैंसों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों की सतर्कता से तीनों भैंसें गांव के आसपास बंधी मिल गईं, जबकि पिकअप सवार संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
ताड़ीखाने के पास मिलीं दो भैंसें
शोर सुनकर अजय राय उर्फ कन्हैया, ग्राम प्रशासक इरशाद अंसारी, शिवजी पटेल समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। इस दौरान गांव के पश्चिम दिशा में स्थित ताड़ीखाने के पास दो भैंसें बंधी मिलीं, जबकि तीसरी भैंस एक बगीचे में बंधी हुई मिली।
ग्रामीणों के मुताबिक, पशु चोर पिकअप लेकर आए थे। लोगों के शोर मचाने पर वे वाहन लेकर भाग निकले। ग्रामीणों का कहना है कि यदि थोड़ी देर और हो जाती तो चोर भैंसों को पिकअप पर लादकर ले जा सकते थे। घटना के बाद गांव में पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के बीच पशु चोरों को स्थानीय स्तर पर मुखबिरी मिलने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बीते 12 अक्टूबर को सुखडेहरा निवासी सर्वेश्वर राय की एक भैंस, एक भैंसा और एक पड़िया चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था। वहीं, 23 अक्टूबर को बांठा और सुखडेहरी गांव में भी गाय चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए पशु चोरों पर अंकुश लगाने और गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में भांवरकोल थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस टीम मौके पर गई थी, लेकिन वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने पशुपालकों को सतर्क रहने और रात में पशुओं के पास किसी व्यक्ति को रखने की सलाह दी। थाना प्रभारी के अनुसार, करीमुद्दीनपुर और मोहम्मदाबाद क्षेत्र के कुछ लोगों की संभावित संलिप्तता को लेकर पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
