वाराणसी
आठ मार्च को काशी दौरे पर आ सकते हैं पीएम मोदी
वाराणसी। भले ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी एक वर्ष से अधिक का समय शेष हो, लेकिन प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होली के बाद 8 मार्च को वाराणसी का दौरा कर सकते हैं। यह प्रस्तावित यात्रा राजनीतिक और विकासात्मक दोनों दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान प्रधानमंत्री काशी को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं।
प्रशासन ने तेज की तैयारियां
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विभिन्न विभागों से उन परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जिनका शिलान्यास या लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जा सकता है। अनुमान है कि इस दौरान एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की घोषणा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, कमिश्नरी आवास परिसर में प्रस्तावित मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन का शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल हो सकता है। इसके अलावा जल निगम की ओर से प्रस्तावित सोलर पार्क और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं को भी हरी झंडी मिलने की संभावना है।
रामनगर की परियोजनाएं भी शामिल
रामनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल का शिलान्यास भी संभावित कार्यक्रमों में शामिल किया गया है। चूंकि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। विकास योजनाओं के माध्यम से एक बार फिर काशी को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
15 दिनों में दूसरा यूपी दौरा
यदि प्रधानमंत्री 8 मार्च को वाराणसी आते हैं, तो यह बीते 15 दिनों में उनका दूसरा उत्तर प्रदेश दौरा होगा। इससे पहले 22 फरवरी को उन्होंने मेरठ में दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो परियोजना का लोकार्पण किया था।
इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर की दूरी अब मात्र 55 मिनट में तय की जा सकेगी। वहीं, मेरठ मेट्रो मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक 21 किलोमीटर का सफर केवल 30 मिनट में पूरा करेगी। प्रधानमंत्री ने इसे वेस्ट यूपी के विकास के लिए मील का पत्थर बताया था।
मेरठ से विपक्ष पर साधा निशाना
मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी दल का नहीं, बल्कि देश के सम्मान से जुड़ा था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसकी मर्यादा का पालन नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की इस कार्यशैली की देशभर में आलोचना हो रही है और पार्टी नेतृत्व मानसिक रूप से कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस को देश के विकास में बाधक बताते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए।
