गोरखपुर
सफायर अकैडमी के वार्षिक उत्सव में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, अतिथियों ने की सराहना
गोरखपुर। जनपद के अंतर्गत नगवा जैतपुर में स्थित सफायर अकैडमी में वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रांगण को आकर्षक एवं रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा कई गुना बढ़ा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, पुष्पांजलि अर्पण एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ई. आशुतोष पाण्डेय, प्रधानाचार्य तारकेश्वर पाण्डेय, मुख्य अतिथि प्रदीप शुक्ला (विधायक, सहजनवा) तथा विशिष्ट अतिथि दिलीप कुमार यादव (ब्लॉक प्रमुख, पिपरौली, गोरखपुर) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, भाजपा महामंत्री, विकास कुमार शर्मा सचिव ग्लोरियस एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी, अखिलेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत और सम्मान अंगवस्त्र एवं श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर किया गया।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, प्रेरणादायक नाटक, देशभक्ति गीत एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया तथा यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और आत्मविश्वास का समन्वय ही सच्ची शिक्षा है।

ग्रामीण अंचल में ऐसी प्रतिभाओं को देखकर माननीय विधायक जी एवं उपस्थित अतिथियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और विद्यालय परिवार को इस भव्य आयोजन के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि आप सभी बधाई के पात्र हैं, क्योंकि जहाँ प्रायः ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और संसाधनों की सीमाएँ देखी जाती हैं, वहीं आपने अपने विद्यार्थियों में ऐसी अद्भुत और अतुलनीय प्रतिभा विकसित कर दिखाई है, जो वास्तव में सराहनीय है । साथ ही मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और अनुशासन की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विशिष्ट अतिथि ने भी विद्यालय की प्रगति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता और मंचीय कौशल विकसित करते हैं।
इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने विद्यार्थियों के उत्साह को दोगुना कर दिया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों का कहना है कि ऐसा उत्सव पहली बार हमारे क्षेत्र में देखने को मिला है, जो बहुत सराहनीय है। इस कार्यक्रम ने हमें अपनी ही बच्चों पर उनकी प्रतिभा को देखकर संदेह करने पर विवश कर दिया, क्योंकि हमारे यह बच्चे देश के 28 राज्यों के कल्चर और वेशभूषा में जो प्रस्तुति दी । उनकी पहचान कर पाना मुश्किल था। इस कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिवार का जितनी प्रशंसा की जाए वह कम होगी । यह वार्षिक उत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा का उत्सव था, बल्कि शिक्षा, संस्कार और संस्कृति के समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी बना।
