गाजीपुर
चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में युवक गिरा, अस्पताल में भर्ती
गाजीपुर। जखनियाँ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक युवक ट्रेन में सवार होने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही युवक जल्दबाजी में डिब्बे पर चढ़ने लगा, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों ने सक्रियता दिखाते हुए घायल युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके पश्चात एंबुलेंस बुलाकर उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि, युवक के एक पैर का निचला हिस्सा डैमेज हो चुका है और युवक के सिर और हाथ में भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक घोसी, जनपद मऊ का निवासी बताया जा रहा है। उसकी शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई जारी है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
