गाजीपुर
बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर बने स्ट्रांग रूम पर रात्रि में लगी होमगार्डों की ड्यूटी
थानाक्षेत्र में कुल नौ परीक्षा केन्द्र
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। यूपी बोर्ड की 18 फरवरी से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा हेतु नंदगंज थाना क्षेत्र में बने नौ परीक्षा केन्द्रों पर होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गयी है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेपर तथा उत्तरपुस्तिका रखने के लिये बने सीसीटीवी व वायस रिकॉर्डर युक्त स्ट्रांगरूम पर लगातार एक माह तक रात्रि में पुलिस प्रशासन की तरफ से प्रतिदिन शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नियमित एक होमगार्ड की ड्यूटी पुलिस के गाजीपुर कार्यालय से लगायी गयी है।
इन परीक्षा केन्द्रों पर होमगार्ड की लगी ड्यूटी 16 फरवरी से परीक्षा समाप्त यानि 13 मार्च तक लगी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से परीक्षा केन्द्रों पर होमगार्डों की ड्यूटी हेतु चयनित नामों की सूची के अनुसार उन परीक्षा केंद्र पर उक्त होमगार्ड को भेजने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया गया है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र में कुल नौ परीक्षाकेंद्र बना है। जहां पर सूची के अनुसार होमगार्डों को भेजा जा रहा है।इस बार प्रशासन यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को नकल विहिन तथा सुचार रुप से कराने के लिये कटिबद्ध दिखाई दे रहा हैं।
