Connect with us

वाराणसी

ऑनलाइन मिलेगी प्लॉट और बिल्डिंग फुटप्रिंट की पूरी जानकारी

Published

on

Loading...
Loading...

वीडीए और स्मार्ट सिटी की नई पहल

वाराणसी। जनपद के लोगों को अब प्लॉट और बिल्डिंग फुटप्रिंट से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) स्मार्ट सिटी की सहायता लेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से भवन स्वीकृति और अन्य अनुमोदन प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियां कम होंगी।

ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से प्लॉट सर्च, लैंडयूज, बिल्डिंग फुटप्रिंट, बिल्डिंग परमिशन सहित टाउन प्लानिंग से संबंधित समस्त जानकारी एक ही पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्य में स्मार्ट सिटी परियोजना सहयोग करेगी। वीडीए के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि पोर्टल पर सभी महत्वपूर्ण जानकारियां अपलोड की जाएंगी, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

इस पहल से विस्तारित क्षेत्रों में योजनागत विकास को बढ़ावा मिलेगा, अनुमोदन प्रक्रियाएं सरल होंगी और डेटा-आधारित शहरी नियोजन को मजबूती मिलेगी। ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लैंडयूज और मैप अप्रूवल भी अपलोड किए जाएंगे। नए जोड़े गए क्षेत्रों के मास्टर प्लान में मानचित्र शामिल किए जाएंगे, जिनमें भूमि उपयोग से लेकर आधारभूत संरचना तक से जुड़ी सभी लेयर्स को वैज्ञानिक और पारदर्शी पद्धति से सम्मिलित किया जाएगा।

बताया गया कि इस व्यवस्था से विकास कार्यों में तेजी आएगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। हाल ही में वीडीए सभागार में एसजीएल जीआईएस कंसल्टेंट की ओर से इस प्रणाली के उपयोग और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई थी। इसमें समयबद्ध रूप से मास्टर प्लान को पूरा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया था।

Advertisement

ऑनलाइन सुविधा के शुरू होने से नागरिकों को घर बैठे आवश्यक जानकारी मिलने लगेगी, जिससे भवन निर्माण और भूमि से जुड़े कार्यों में आसानी होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page