वाराणसी
ब्रह्माकुमारीज के आयोजन में दिखी सेवा, साधना और संस्कार की झलक
सारनाथ (वाराणसी)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर ब्रह्माकुमारीज के क्षेत्रीय मुख्यालय ग्लोबल लाइट हाउस, सारनाथ में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और उत्साह के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा किया जा रहा कार्य विश्व स्तर पर विशिष्ट और प्रेरणादायक है। संस्था विश्व शांति, सद्भाव, आपसी एकता तथा नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रही है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज परिवार के बीच उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
वरिष्ठ भाजपा नेता राम प्रकाश दुबे ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानव कल्याण और नैतिक जागरण के क्षेत्र में संस्था का योगदान सराहनीय है। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने भी संस्था के सेवा एवं आध्यात्मिक कार्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर डॉ. केपी जायसवाल, डॉ. आदित्य सिंह, डॉ. योगेश्वर सिंह, जिला उद्यान अधिकारी बहन ममता यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभागार में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में केक काटकर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। कुमारी नैना द्वारा प्रस्तुत शिव भजन से वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने परिसर में स्थापित शिवध्वज का ध्वजारोहण किया। जीवन मूल्य आध्यात्मिक कला मंदिर में सुसज्जित पंच शिवलिंग के दर्शन एवं आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में शाखा प्रभारी ब्रह्म कुमारी राधिका दीदी, मोटिवेशनल ट्रेनर ब्र कु तापोशी दीदी, ब्र कु अनीता सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी बीके विपिन भाई ने निभाई।
इसके साथ ही सारनाथ स्थित सारंगनाथ शिव मंदिर में ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्य राजू भाई एवं अजीत भाई के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को लस्सी पिलाई गई तथा शिव दर्शन आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
