वाराणसी
Varanasi Airport : यात्री के बैग से .32 बोर का जिंदा कारतूस बरामद
वाराणसी। जनपद के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से .32 बोर का जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल यात्री को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के बेलखरिया निवासी आनंद कुमार पांडेय, जो वर्तमान में देहरादून में रह रहे हैं, शनिवार को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-1870 से दिल्ली जाने की तैयारी में थे। टर्मिनल भवन में एसएचए के तहत एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान उनके हैंड बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद की गई तलाशी में .32 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में यात्री ने बताया कि उनके पास पिस्टल का वैध लाइसेंस है और कारतूस अनजाने में बैग में रह गया था। इसके उपरांत सीआईएसएफ ने उन्हें आगे की विधिक प्रक्रिया के लिए फूलपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फूलपुर के एसएचओ अतुल सिंह ने बताया कि संबंधित यात्री के पास शस्त्र का वैध लाइसेंस है और दस्तावेजों की जांच की गई है। नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद है और नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
