Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब चुनाव: ओंकार द्विवेदी अध्यक्ष, पंकज श्रीवास्तव महामंत्री समेत पूरी टीम विजयी

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। पत्रकारों के प्रतिष्ठित संगठन गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के वार्षिक चुनाव का परिणाम घोषित होते ही शहर की पत्रकार बिरादरी में उत्साह का माहौल बन गया। दिनभर चले मतदान के बाद देर शाम मतगणना पूरी हुई और चुनाव अधिकारियों ने विजयी प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर सभी पत्रकारों ने संतोष जताया और इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का मजबूत उदाहरण बताया।

घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर ओंकार द्विवेदी ने शानदार जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जोरदार नारेबाजी कर खुशी जाहिर की। वहीं महामंत्री पद पर पंकज श्रीवास्तव को पत्रकारों का व्यापक समर्थन मिला और उन्होंने प्रभावी जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर धनेश कुमार ने जीत दर्ज कर संगठन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

संयुक्त मंत्री पद पर महेंद्र गौड़ गंवार विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर दुर्गेश यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई, जिस पर पत्रकार साथियों ने भरोसा जताया। पुस्तकालय मंत्री पद पर संजय कुमार ने जीत दर्ज करते हुए पुस्तकालय को और अधिक उपयोगी व सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यकारिणी सदस्य पदों पर अजीत सिंह, डॉ. मनोज मिश्रा और रजनीश कुमार त्रिपाठी ने विजय प्राप्त की।

चुनाव अधिकारी वागीश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रही। सहायक चुनाव अधिकारियों डी.के. गुप्ता, आलोक दुबे और बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रही। योगेंद्र सिंह और संजय सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे, जिससे मतदान केंद्र पर अनुशासन बना रहा और कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। परिणाम घोषित होने के बाद प्रेस क्लब परिसर बधाइयों से गूंज उठा और विजयी प्रत्याशियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

Advertisement

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने इसे पूरे पत्रकार परिवार की जीत बताते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा, एकता और पत्रकार हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव में हार-जीत से ऊपर उठकर सभी साथियों को साथ लेकर प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा। अब पत्रकारों की निगाहें नई टीम के कार्यकाल पर टिकी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page