वाराणसी
निर्माणाधीन मकान से नगदी समेत लाखों के गहने चोरी
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना अंतर्गत भिखारीपुर गाँव में बीती रात अज्ञात चोरों ने निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और लाखों रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे खेत के रास्ते से अंदर घुसे और कमरे में रखी अटैची व बक्से से सोने के आभूषण व 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार, मकान स्वामी हीरालाल यादव का भिखारीपुर गांव में निर्माणाधीन मकान है। गुरुवार को गांव में ही एक वैवाहिक कार्यक्रम होने के कारण पूरा परिवार घर पर ताला बंद कर समारोह में गया था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश किया और कमरे में रखी अटैची व बक्से से सोने की अंगूठी, सोने के झुमके तथा 25 हजार रुपये नकद निकाल लिए। बताया जाता है कि चोरों ने करीब 500 मीटर दूर खेत में अटैची, बैग व बक्सा फेंक दिया। परिजनों के अनुसार चोरी हुए गहनों की कीमत लगभग एक लाख रुपये के आसपास है।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई जब घर की महिलाएं कमरे में पहुंचीं और सामान बिखरा देख दंग रह गईं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
मकान स्वामी हीरालाल यादव ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि भिखारीपुर गांव में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
